हॉलीवुड एक्टर पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन

‘स्टार ट्रेक’ के कैप्टन पिकार्ड से मिली थी पहचान

मुबंई।  हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट का बुधवार को 86 साल की उम्र में लॉस एंजिल्स में निधन हो गया। उन्होंने ‘स्टार ट्रेक’ और ‘एक्स-मेन’ जैसी चर्चित फ्रेंचाइजी में यादगार किरदार निभाए थे। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान के मुताबिक, उन्होंने घर पर अंतिम सांस ली। उस समय उनकी पत्नी सनी ओजेल उनके साथ थीं।

बताया गया कि पैट्रिक स्टीवर्ट अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद अभिनेता ह्यू जैकमैन, विलियम शैटनर, मार्वल स्टूडियोज और उनके कई सह-कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड बनकर दुनिया में बनाई पहचान

पैट्रिक स्टीवर्ट को सबसे ज्यादा लोकप्रियता साइंस-फिक्शन सीरीज ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन’ में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड का किरदार निभाने से मिली। इस भूमिका ने उन्हें दुनियाभर के दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।

इसके अलावा, उन्होंने ‘एक्स-मेन’ फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर यानी प्रोफेसर एक्स का किरदार निभाया। उनका यह किरदार भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इन दोनों फ्रेंचाइजी में उनके अभिनय ने उन्हें हॉलीवुड के चर्चित कलाकारों में शामिल किया।

60 साल से ज्यादा का रहा अभिनय करियर

पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने करियर में छह दशक से अधिक समय तक थिएटर, टेलीविजन और फिल्मों में काम किया। उन्होंने वर्ष 1966 में रॉयल शेक्सपियर कंपनी से जुड़कर थिएटर की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू की।

थिएटर में लंबे अनुभव के बाद उन्होंने फिल्मों और टीवी की ओर रुख किया। ‘ड्यून’, ‘एक्सकैलिबर’ और ‘ग्रीन रूम’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं। उनकी अभिनय शैली और दमदार आवाज ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

तीन शादियां कीं, दो बच्चों के पिता थे

पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने जीवन में तीन शादियां की थीं। उनकी पहली शादी 1966 में शीला फाल्कनर से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे डैनियल स्टीवर्ट और सोफी एलेक्जेंड्रा स्टीवर्ट हुए। वर्ष 1990 में दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2000 में टीवी प्रोड्यूसर वेंडी न्युस से शादी की। हालांकि, 2003 में दोनों अलग हो गए। सितंबर 2013 में उन्होंने अमेरिकी सिंगर और सॉन्गराइटर सनी ओजेल से तीसरी शादी की। उनके चार पोते-पोतियां भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button