श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज

लावणी कलाकार विठाबाई के किरदार में दिखीं एक्ट्रेस

मुबंई। श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर आज दोपहर रिलीज कर दिया गया। फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में महाराष्ट्र की लोककला तमाशा और लावणी की दुनिया के साथ एक कलाकार का संघर्ष, आत्मसम्मान और अपने हुनर के लिए लड़ाई दिखाई गई है।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और नाना पाटेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

विठाबाई के किरदार में दिखीं श्रद्धा कपूर

ट्रेलर में श्रद्धा कपूर लावणी कलाकार विठाबाई के किरदार में नजर आ रही हैं। उनके हावभाव, अंदाज और डायलॉग किरदार के संघर्ष को सामने लाते हैं। कहानी में कला के प्रति समर्पण के साथ सम्मान और आत्मविश्वास की लड़ाई भी दिखाई देती है।

ट्रेलर का एक संवाद खास ध्यान खींचता है। इसमें श्रद्धा कहती हैं, “देखते हैं क्या टूटता है, मेरा भरोसा या मेरा घमंड। मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था रे। जब वो टूट गया ना, सब टूट गया।”

यह संवाद किरदार के भीतर चल रहे संघर्ष और टूटे हुए भरोसे को दर्शाता है।

मोहम्मद जीशान अय्यूब के डायलॉग भी चर्चा में

ट्रेलर में मोहम्मद जीशान अय्यूब का अंदाज भी दर्शकों का ध्यान खींचता है। एक दृश्य में वह श्रद्धा के किरदार ईठा से कहते हैं कि नाच के मुकाबले में तकदीर भी उसे नहीं हरा सकती।

वह आगे कहते हैं, “आसमान का मंडप है, चांद की लाइट है, हवाओं के स्पीकर हैं। कोई हो न हो, तेरा रिवाज तो है।”

इस पर ईठा का जवाब कहानी के भाव को और मजबूत करता है। वह कहती हैं, “पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।”

यह संवाद फिल्म में कला और कलाकार की पहचान के महत्व को सामने लाता है।

लोककला तमाशा और लावणी की दुनिया दिखाएगी फिल्म

‘ईठा’ का ट्रेलर महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककला तमाशा और लावणी की रंगीन दुनिया की झलक देता है। इसमें मंच, संगीत, नृत्य और कलाकारों की जिंदगी के पीछे छिपे संघर्ष को दिखाया गया है।

फिल्म के जरिए विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन और उनकी कला को बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा। अब दर्शकों को 4 दिसंबर का इंतजार है, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button