अंबेडकरनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस का अभियान जारी है। यातायात माह के सातवें दिन शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 668 वाहनों का चालान किया गया। वहीं, नशे में वाहन चलाने वालों की जांच में तीन चालक पॉजिटिव मिले। इनके खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
780 चालकों की जांच, तीन नशे में मिले
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव ने यातायात पुलिस टीम के साथ अभियान चलाया। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए 780 वाहन चालकों की जांच की गई। इनमें तीन चालक निर्धारित परीक्षण में पॉजिटिव पाए गए। तीनों का चालान कर प्रत्येक पर 10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया।
सात दिन में 2351 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सात नवंबर को 668 वाहनों का चालान किया गया। एक नवंबर से अब तक कुल 2351 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा अब तक सात वाहनों से कुल 11 हजार रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया है।
हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए किया जागरूक
अभियान के दौरान पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने पंपलेट बांटकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की भी सलाह दी गई।









