नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने अपने संबोधन में संघ के शुरुआती दौर से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने 1930 के दशक की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी।
भागवत के मुताबिक, उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया था। ऐसे माहौल में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने विधानसभा में संघ का पक्ष रखा। उन्होंने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सांप्रदायिक संगठन नहीं है।
इब्राहिम ने डॉ. हेडगेवार का दिया था उदाहरण
मोहन भागवत ने इब्राहिम के बयान का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का उदाहरण दिया था। इब्राहिम का कहना था कि वह डॉ. हेडगेवार को जानते हैं और वे अच्छे इंसान हैं। इसलिए संघ को सांप्रदायिक संगठन नहीं कहा जा सकता।
भागवत ने बताया कि इब्राहिम ने उस समय हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसे लोगों को मानसिक अस्पताल भेज देना चाहिए, लेकिन डॉ. हेडगेवार को जानने के आधार पर उनका मानना था कि वे मानसिक रूप से अस्वस्थ नहीं, बल्कि अच्छे व्यक्ति हैं। इसी तर्क के आधार पर उन्होंने संघ पर प्रतिबंध लगाने का विरोध किया था।
भागवत ने व्यक्ति निर्माण को बताया संघ का उद्देश्य
अपने संबोधन में मोहन भागवत ने संघ के उद्देश्य और संगठन के काम करने के तरीके पर भी बात की। उन्होंने कहा कि RSS का लक्ष्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और देश का निर्माण करना है।
भागवत के अनुसार, संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का मानना था कि अच्छे व्यक्तियों से ही अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण होता है। इसी सोच के आधार पर संघ स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व और सामाजिक जिम्मेदारी के विकास पर जोर देता है।
प्रचारक पूरा जीवन संगठन और समाज को करते हैं समर्पित
भागवत ने संघ के प्रचारकों के जीवन और उनके समर्पण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रचारक बिना किसी व्यक्तिगत लाभ, स्वार्थ या अहंकार के संगठन और समाज के लिए काम करते हैं। वे अपनी निजी इच्छाओं और सुविधाओं से ऊपर उठकर संगठन के उद्देश्य को प्राथमिकता देते हैं।
उन्होंने प्रचारकों के त्याग को केवल शब्दों से समझ पाना मुश्किल बताया। उनके मुताबिक, प्रचारकों और स्वयंसेवकों के साथ रहकर ही उनके समर्पण और कार्यशैली को करीब से महसूस किया जा सकता है।
प्रचारकों का जीवन दूसरों के लिए प्रेरणा
RSS प्रमुख ने कहा कि प्रचारकों और स्वयंसेवकों का जीवन समाज सेवा के लिए प्रेरणा देता है। उनका त्याग और समर्पण दूसरे लोगों को भी सामाजिक कार्यों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के योगदान को सिर्फ उसके भाषण या शब्दों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और जीवनशैली से समझा जा सकता है। प्रचारकों का आचरण स्वयंसेवकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करता है।









