एनटीपीसी गेट के सामने प्रोजेक्ट मैनेजर को रौंदकर भागा वाहन, मौत

टांडा-अयोध्या मुख्य मार्ग पार करते समय हुआ हादसा, एलएनटी कंपनी में तैनात थे पश्चिम बंगाल निवासी पार्थ चट्टोपाध्याय

अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र में एनटीपीसी कॉलोनी गेट के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क पार कर रहे एलएनटी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर इल्तिफातगंज की ओर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रोजेक्ट मैनेजर को सीएचसी टांडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पार्थ चट्टोपाध्याय (55) पुत्र देव प्रसाद चट्टोपाध्याय के रूप में हुई। वह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर स्थित अतुल कृष्णा बरेन लेन के मकान नंबर 44/2 के निवासी थे। वह एनटीपीसी विद्युत गृह में एलएनटी नमस्ते कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पार्थ चट्टोपाध्याय एनटीपीसी कॉलोनी गेट के सामने टांडा-अयोध्या मुख्य मार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान टांडा की तरफ से आया अनियंत्रित चार पहिया वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया। आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी टांडा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मेमो अलीगंज थाने भेजा गया।

अलीगंज पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इब्राहिमपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button