अंबेडकरनगर। दीपावली के बाद हरियाणा से घर लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। बसखारी थाना क्षेत्र के कसदहां में गुरुवार सुबह एनएच-233 पर सड़क पार कर रही छह वर्षीय बच्ची को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता उसे तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसखारी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
बस से उतरने के बाद सामान लेने जा रहे थे पिता
जलालपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर निवासी अनिरुद्ध रोजगार के सिलसिले में परिवार के साथ हरियाणा के फरीदाबाद में रहते हैं। दीपावली के बाद गुरुवार सुबह वह पत्नी, छह वर्षीय बेटी अनुष्का और दुधमुंही बच्ची के साथ बस से घर लौट रहे थे। एनएच-233 पर कसदहां के पास परिवार बस से उतरा। इसके बाद अनिरुद्ध बेटी अनुष्का के लिए कुछ सामान लेने सड़क पार कर रहे थे।
पिता के पीछे दौड़ी बच्ची, वाहन ने मारी टक्कर
बताया गया कि अनिरुद्ध को सड़क पार करते देख अनुष्का भी उनके पीछे दौड़ पड़ी। इसी दौरान नेवरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनुष्का सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत बसखारी की ओर भाग निकला।
सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बेटी को घायल देखकर पिता अनिरुद्ध तत्काल उसे निजी वाहन से सीएचसी बसखारी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अनुष्का को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।









