अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को कथित हेरोइन तस्करी के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 715 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक रवि यादव और शुभम मिश्रा पुलिस बल के साथ सिंहपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बसखारी की तरफ से मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सेमरा नसीरपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर दी।
रुकने का इशारा किया तो बढ़ा दी रफ्तार
पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद मोटरसाइकिल नंबर यूपी 45 एएस 0424 से दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा कर मोटरसाइकिल रोक ली और दोनों सवारों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में दोनों की पहचान कमर हयात उर्फ लूले और नबी अहमद, पुत्र वाजिद अली, निवासी फरीदपुर जलालपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मादक पदार्थ मिलने की बात सामने आने पर पुलिस ने नायब तहसीलदार कौशलकांत मिश्र को सूचना दी।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में तलाशी, 715 ग्राम हेरोइन मिली
पुलिस के अनुसार, नायब तहसीलदार कौशलकांत मिश्र की मौजूदगी में तलाशी ली गई। इस दौरान नबी अहमद के पास से 310 ग्राम और कमर हयात के पास से 405 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 715 ग्राम हेरोइन मिलने के बाद पुलिस उन्हें मोटरसाइकिल समेत थाने ले गई।









