डायग्नोस्टिक सेंटरों पर कार्रवाई के बाद सीएचसी अधीक्षक हटाए गए

लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापेमारी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तय की जिम्मेदारी, डॉ. विजय बहादुर वर्मा को मिला बसखारी सीएचसी का प्रभार

अंबेडकरनगर। बसखारी के सब्जी मंडी स्थित लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी जिम्मेदारी तय होने लगी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसखारी के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर सीएचसी में तैनात डॉ. विजय बहादुर वर्मा को अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है। सीएमओ ने प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की है। पूरे मामले की जांच भी कराई जा रही है।

लगातार सामने आ रहे थे अनियमितता के मामले

बसखारी क्षेत्र में डायग्नोस्टिक सेंटरों की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। करीब चार माह पहले एसडीएम टांडा संजीव सिंह ने औचक छापेमारी कर प्रकाश डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कराया था। इसके बाद दो दिन पूर्व लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर सीएमओ, एसडीएम टांडा और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड का संचालन पाए जाने पर टीम ने अल्ट्रासाउंड कक्ष सील कर दिया था।

निगरानी में लापरवाही की आशंका

लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद क्षेत्र में संचालित डायग्नोस्टिक सेंटरों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। बताया जा रहा है कि सेंटरों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर नहीं रखने और समय रहते कार्रवाई नहीं होने को लेकर सीएचसी अधीक्षक की भूमिका की समीक्षा की गई। इसी के बाद सीएमओ ने उन्हें अधीक्षक पद से हटाने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button