बाराबंकी की घटना पर राजभर का अखिलेश पर हमला

बोले- कार्यकर्ताओं को अनुशासन सिखाएं

अंबेडकरनगर। बाराबंकी में पासी समाज के व्यक्ति की हत्या और मारपीट की घटना को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत देने को कहा। राजभर ने आरोप लगाया कि घटना के तीन दिन बाद भी सपा ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि सरकार की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है।

बोले- क्या यही अखिलेश यादव का PDA है?

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकर्ता गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। बाराबंकी में पासी समाज के व्यक्ति की हत्या की घटना सामने आई है। ऐसे में सपा अध्यक्ष को अपने कार्यकर्ताओं को समझाना चाहिए कि वे इस तरह की हरकतों से बचें। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही अखिलेश यादव का PDA है, जिसका वह कारवां लेकर चल रहे हैं?

राजभर ने कहा कि शिवपाल यादव ने भी ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर करने की बात कही थी, लेकिन घटना के तीसरे दिन तक सपा की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।

PDA की परिभाषा पर भी साधा निशाना

राजभर ने PDA की परिभाषा को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन महीनों में PDA का मतलब कई बार बदला गया है। अब इसमें पंडित, पिछड़ा, दलित, अग्रहरी, अल्पसंख्यक और अगड़ा को शामिल बताया जा रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब PDA खत्म हो गया है और पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद की बात हो रही है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव खुद PDA को लेकर असमंजस में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button