अंबेडकरनगर। मतदाता बनने से पहले ही युवाओं को मतदान की अहमियत समझाने की पहल शुरू हो गई है। स्वीप कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं कराई गईं। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार की जानकारी दी गई।
पांच केंद्रों पर परखी गई निर्वाचन संबंधी समझ
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से प्रतियोगिताएं आयोजित कराईं। टांडा में मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज, अकबरपुर में बीएन इंटर कॉलेज, कटेहरी में रामदेव जनता इंटर कॉलेज, जलालपुर में नरेंद्र देव इंटर कॉलेज और आलापुर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया।
निबंध और सवालों के जरिए मतदान का संदेश
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराया गया। उन्हें नैतिक और निष्पक्ष मतदान के साथ मताधिकार के अनिवार्य प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल शिक्षकों की देखरेख में हुआ।
बेहतर प्रदर्शन करने वालों का होगा चयन
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया। उनकी सूची तैयार करने के साथ कार्यक्रम की तस्वीरें भी संकलित की गईं। माध्यमिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यालय स्तर से ही युवाओं में निर्वाचन संबंधी समझ विकसित करना और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है









