कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा भैसोर गांव में जुए में 20 हजार रुपये जीतने के बाद 32 वर्षीय युवक सोनू की हत्या कर दी गई। उसका शव घर के बाहर मिला। हत्यारे ने ईंट से सिर कूचकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह परिवार के लोगों ने शव देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर सचेंडी पुलिस, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड और डीसीपी वेस्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जुए में 20 हजार रुपये जीतने के बाद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, सोनू ने जुए में 20 हजार रुपये जीते थे। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, जुए में जीती रकम और हत्या के बीच संबंध की अभी पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुबह घर के बाहर शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
भाई लापता, घर में मिले खून के निशान
घटना के बाद सोनू के साथ रहने वाला उसका मानसिक रूप से बीमार भाई लापता बताया जा रहा है। घर पर ताला लगा मिला। पुलिस को घर में धुले कपड़ों पर खून के छींटे भी मिले हैं। इन परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को भाई पर संदेह है, लेकिन अभी उसकी भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही सचेंडी थाने की पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा। डीसीपी वेस्ट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं और फरार बताए जा रहे भाई की तलाश के साथ हत्या का खुलासा करने का प्रयास कर रही हैं।









