अंबेडकरनगर। पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को कटेहरी क्षेत्र में मैराथन का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता रितेश पांडेय की पहल पर ‘पराली नहीं जलाएंगे, प्रदूषण से मुक्ति पाएंगे’ अभियान के दूसरे चरण में आयोजित इस दौड़ में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैराथन के माध्यम से फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनके उचित प्रबंधन का संदेश दिया गया।
देव इंद्रावती महाविद्यालय से शुरू हुई दौड़
मैराथन की शुरुआत देव इंद्रावती महाविद्यालय से हुई। प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाई। दौड़ का समापन अहिरौली थाने के निकट हुआ। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-20 धावकों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग में हिमांशु, बालिका वर्ग में रेनू प्रथम
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में हिमांशु ने पहला स्थान हासिल किया। अंकित पांडेय दूसरे और विशाल मौर्य तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, बालिका वर्ग में रेनू प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंशू दूसरे और शालू तीसरे स्थान पर रहीं।
रितेश पांडेय बोले- फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन जरूरी
पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने कहा कि पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए किसानों और आमजन को जागरूक करना जरूरी है। फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनके उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने इस अभियान में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
विधायक ने भी पराली न जलाने की अपील की
कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए पराली जलाने से बचना होगा। किसानों को जागरूक करने के साथ फसल अवशेषों के निस्तारण के वैकल्पिक तरीकों को बढ़ावा देना जरूरी है।
कार्यक्रम में विनय पांडेय, धीरेंद्र पांडेय, आशुतोष उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









