अंबेडकरनगर को मिली सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्राम गृह की सौगात

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों को मिलेगी सुविधा, निर्माण पर खर्च हुए 4.32 करोड़ रुपये; पूर्व सैनिकों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं भी कीं

अंबेडकरनगर। जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। जनपद में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं सैनिक विश्राम गृह का शनिवार को वर्चुअल लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक रैली के दौरान इस भवन का लोकार्पण किया। जिले में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय और पूर्व सांसद रितेश पांडेय मौजूद रहे।

पूर्व सैनिकों को एक परिसर में मिलेंगी सुविधाएं
नवनिर्मित भवन से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सेवारत सैनिकों के परिजनों और उनके आश्रितों को लाभ मिलेगा। यहां सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए कार्यालय की सुविधा के साथ विश्राम गृह भी उपलब्ध होगा। इससे संबंधित कार्यों के लिए पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में हरिओम पांडेय और रितेश पांडेय ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक परिवारों को बधाई दी। उन्होंने जिले को यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

4.32 करोड़ रुपये से तैयार हुआ भवन
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह के निर्माण की प्रक्रिया वर्ष 2023 में शुरू हुई थी। अयोध्या मंडल के आयुक्त ने 31 अक्टूबर 2023 को भूमि की स्वीकृति दी थी। इसके बाद 9 सितंबर 2024 को निर्माण के लिए 432.43 लाख रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिली।

भवन का भूमि पूजन 17 दिसंबर 2024 को हुआ। तीन जनवरी 2025 को तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद मार्च 2025 में निर्माण कार्य शुरू किया गया। कार्यदायी संस्था यूपीसीडको ने निर्माण पूरा कर 12 जून 2026 को भवन और उससे संबंधित सामग्री जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को हस्तांतरित कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button