अंबेडकरनगर,। आलापुर क्षेत्र के नसीरपुर के पास चलती बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक चला रहे बेटे को घटना की जानकारी करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर हुई। वह वापस लौटा तो मां सड़क पर घायल अवस्था में मिलीं। एंबुलेंस से उन्हें महामाया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मां के बाइक से गिरने की बेटे को नहीं लगी भनक
नारायनपुर प्रीतमपुर निवासी गीता देवी (45) अपने बेटे अमित कुमार (24) के साथ बृहस्पतिवार को बस्ती जिले के धनघटा स्थित मायके से घर लौट रही थीं। पुलिस के अनुसार, आलापुर क्षेत्र के नसीरपुर के पास गीता देवी चलती बाइक से सड़क पर गिर गईं। बाइक चला रहे अमित को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह आगे निकल गया।
करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर अमित ने बाइक पर मां को नहीं पाया। इसके बाद वह वापस लौटा तो गीता देवी सड़क पर गंभीर रूप से घायल मिलीं।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत
हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से गीता देवी को महामाया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां रात करीब आठ बजे उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां की मौत से परिवार में पसरा मातम
गीता देवी के परिवार में बेटा अमित और दो बेटियां नेहा (21) व निधि (18) हैं। हादसे में मां की मौत से परिवार में मातम छा गया।









