विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज

19 नवंबर को आगरा में निर्वाचन आयोग की अहम बैठक

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने लगी हैं। चुनावी व्यवस्था की समीक्षा और तैयारियों को गति देने के लिए 19 नवंबर को आगरा में भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की अहम बैठक होगी। इसमें आगरा, मथुरा समेत 12 जिलों के जिलाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम की उपलब्धता और चुनाव कराने के लिए कर्मचारियों की संख्या जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

19 नवंबर को ऊर्जा भवन में होगी बैठक

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बैठक 19 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से सिकंदरा स्थित ऊर्जा भवन में होगी। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के दो उपायुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत करीब आधा दर्जन अधिकारी शामिल होंगे। बैठक तीन सत्रों में आयोजित की जाएगी।

12 जिलों के डीएम करेंगे शिरकत

बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा और हाथरस समेत 12 जिलों के जिलाधिकारी भाग लेंगे। चुनावी तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के साथ ही संबंधित जिलों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी।

मतदाता सूची और ईवीएम पर होगा मंथन

विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची का प्रारूप 17 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रगति, मतदान केंद्रों की स्थिति, ईवीएम की उपलब्धता और चुनावी ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की संख्या की समीक्षा की जाएगी।

छह नवंबर को प्रस्तावित बैठक हुई थी स्थगित

भारत और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की यह बैठक पहले छह नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया था। अब नई तारीख 19 नवंबर निर्धारित की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को अधिकांश अधिकारी आगरा पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button