कानपुर। कानपुर में सोमवार तड़के पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग झुलस गए। अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़ी स्कूटी और बाइकें भी जल गईं। इमारत में कुल 12 फ्लैट हैं, जिनमें करीब 50 से 60 लोग रहते हैं।
हादसा शहर के बीचोंबीच फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के एक फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। नीचे जाने वाली सीढ़ियों में धुआं भर गया, जिससे लोग बाहर निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
साड़ी और चादर के सहारे नीचे उतरे लोग
अपार्टमेंट के सामने दो मंजिला मकान है और वहां तक पहुंचने वाली गली करीब पांच से छह फीट चौड़ी है। आग से बचने के लिए ऊपरी मंजिलों पर फंसे कुछ लोग साड़ी और चादरों के सहारे दूसरी मंजिल तक लटके। वहीं, नीचे की मंजिलों के लोग सीढ़ियों से ऊपर पहुंचे और पटरा लगाकर मकान की छत पर उतरे।
घबराहट में 8 से 10 लोग बालकनी से नीचे कूद गए। इस दौरान उन्हें चोटें आईं। हादसे के दौरान अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मची रही।
राखी की मौत, वैभव की रीढ़ की हड्डी टूटी
मृतकों की पहचान राखी साहू (48) और प्रांजुल बाथम (15) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रांजुल की मौत आग में जिंदा जलने से हुई। वहीं, राखी तीसरी मंजिल से नीचे कूद गईं और नीचे खड़े वैभव गुप्ता पर जा गिरीं।
राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैभव की रीढ़ की हड्डी टूट गई। हादसे में घायल अन्य लोगों को भी उपचार के लिए भेजा गया।









