पराली के धुएं के खिलाफ टांडा की सड़कों पर उतरे हजारों युवा

मैराथन से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अम्बेडकरनगर। खेतों में पराली जलाने से फैलने वाले प्रदूषण के खिलाफ टांडा में युवाओं ने दौड़ लगाकर जागरूकता की अलख जगाई। सोमवार को आयोजित मैराथन में हजारों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। दौड़ के जरिए किसानों को पराली न जलाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। यह आयोजन पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता रितेश पांडेय की पहल पर चलाए जा रहे ‘पराली नहीं जलाएंगे, प्रदूषण से मुक्ति पाएंगे’ अभियान के तीसरे चरण के तहत हुआ।

मैराथन की शुरुआत टांडा के हकीम क्लब से हुई। पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाई। इनामीपुर फ्लाईओवर के निकट मैराथन का समापन हुआ। दौड़ शुरू होने से पहले सभी प्रतिभागियों और मौजूद लोगों ने अभियान का नारा दोहराते हुए पराली नहीं जलाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

पराली जलाने से मिट्टी और हवा दोनों को नुकसान
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रितेश पांडेय ने कहा कि पराली जलाना वायु प्रदूषण की एक बड़ी वजह है। इससे वातावरण के साथ खेतों की मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। उन्होंने युवाओं से गांव-गांव जाकर किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। समाज और प्रकृति के हित में ऐसे प्रयास स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button