अस्पतालों की फार्मेसियों पर 23 नवंबर से एफएसडीए की जांच

दवाओं की कीमत, स्टॉक और लाइसेंस की जानकारी मरीजों को देना होगा अनिवार्य; चार दिसंबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

लखनऊ। सस्ती दरों पर दवाएं खरीदकर मरीजों से पूरी अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) वसूलने के मामले को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में अस्पतालों की फार्मेसियों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 23 नवंबर से चार दिसंबर तक चलेगा।

एफएसडीए के इस फैसले के तहत औषधि निरीक्षक अस्पतालों में संचालित फार्मेसियों की जांच करेंगे। इस दौरान देखा जाएगा कि दवाओं की कीमत, उपलब्ध स्टॉक और लाइसेंस से संबंधित जरूरी जानकारियां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।

खबर का संज्ञान लेकर एफएसडीए ने लिया फैसला

आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने शनिवार के अंक में सस्ती दवा खरीदकर पूरी एमआरपी वसूलने से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी। एफएसडीए ने इस खबर का संज्ञान लेते हुए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

एफएसडीए के सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने बताया कि अभियान के बाद अस्पतालों की फार्मेसियों में मरीजों को दवाओं के दाम और उनकी उपलब्धता की पूरी जानकारी मिल सकेगी। विभाग का उद्देश्य फार्मेसियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना है।

वेबसाइट पर देनी होगी दवाओं की जानकारी

एफएसडीए ने पहली अक्तूबर को आदेश जारी कर सभी फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट पर जरूरी जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे। इनमें फार्मेसी का लाइसेंस, फार्मासिस्ट का विवरण, साप्ताहिक स्टॉक और दवाओं की मूल्य सूची शामिल है।

इसके साथ ही फार्मेसी के काउंटर पर वेबसाइट का यूआरएल या क्यूआर कोड लगाने के निर्देश भी दिए गए थे, ताकि मरीज अपने मोबाइल फोन से दवाओं की कीमत और उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकें।

औषधि निरीक्षक करेंगे आदेश के अनुपालन की जांच

23 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान में सभी जिलों के औषधि निरीक्षक अपने क्षेत्रों के अस्पतालों में संचालित फार्मेसियों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वेबसाइट पर निर्धारित जानकारियों की उपलब्धता और काउंटर पर क्यूआर कोड या यूआरएल लगाए जाने की स्थिति की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button