चंदौली में भाजपा विधायक के काफिले में घुसी स्कॉर्पियो

दो फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर; एक पलटी

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली में सोमवार रात भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घुस गई। स्कॉर्पियो ने काफिले में चल रही दो फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने विधायक को सुरक्षा घेरे में ले लिया। हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन लोग घायल हुए हैं।

अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह से लौट रहे थे विधायक

हादसा सोमवार रात करीब नौ बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया और जगदीसराय गांव के पास हुआ। उस समय सैयदराजा विधानसभा सीट से विधायक सुशील सिंह करीब 10 गाड़ियों के काफिले के साथ चंदौली लौट रहे थे। वह बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।

जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले में सबसे पीछे चल रही फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर बेकाबू होकर पलट गई। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और आगे चल रही दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी।

पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, तीन लोग घायल

दो गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन घायल हो गए। इनमें एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं।

दोनों फॉर्च्यूनर में सवार आठ लोग सुरक्षित बताए गए हैं। जिस गाड़ी में विधायक सुशील सिंह मौजूद थे, उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने विधायक को घेरकर सुरक्षित किया।

अचानक टक्कर से काफिले में मची अफरा-तफरी

काफिले में अचानक दो वाहनों को टक्कर लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button