लखनऊ। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकता का रास्ता दिखाया। उनका दिया ‘एक ओंकार’ का संदेश सभी मनुष्यों को समान बताता है। अन्याय के खिलाफ खड़ा होना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को डीएवी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने साफा बांधा और संगत के बीच बैठकर कीर्तन सुना। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे।
‘एक ओंकार’ का संदेश देता है समानता की सीख
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का मंत्र दिया। इसका अर्थ है कि सभी मनुष्य एक परमात्मा की संतान हैं और हर व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धावान व्यक्ति को ही ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु नानक देव जी ने कीर्तन और भक्ति के माध्यम से समाज में सद्भाव, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
गुरुद्वारों का लंगर सामाजिक समानता का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारों में सभी लोगों का एक साथ बैठकर लंगर छकना सामाजिक समानता और भाईचारे का उदाहरण है। यहां किसी की जाति या सामाजिक पहचान नहीं पूछी जाती। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
उन्होंने कहा कि लंगर की यह परंपरा गुरु नानक देव जी की मानवता, समानता और सेवा की शिक्षा को आज भी जीवंत बनाए हुए है।









