कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तेंदुए ने खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ सरसों के खेतों में छिपा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारी तेंदुए की तलाश में कांबिंग कर रहे हैं।
खेत में गोभी काट रहे ग्रामीण पर किया हमला
मदारपुर निवासी मोहित शर्मा ने बताया कि वह सुबह खेत में गोभी काट रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी तेंदुए ने एक बच्ची पर हमला किया था।
मोहित के मुताबिक, करनखेड़ा गांव के नौ लोग खेत में मौजूद थे। तेंदुए ने एक के बाद एक उन पर हमला कर दिया, जिससे सभी घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरने की कोशिश भी की।
साहिल को आई गंभीर चोटें
घायलों में हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50), मोहित विश्वकर्मा (18) और साहिल शामिल हैं। इनके अलावा चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। साहिल सिखटिया का रहने वाला है और अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया था। उसे गंभीर चोटें आई हैं।
परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल और डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए खेतों में तलाश कर रही है।









