कार्तिक पूर्णिमा पर कानपुर के गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ स्नान-दान का सिलसिला, देव दीपावली पर घाटों पर हुआ दीपदान; सुरक्षा के रहे इंतजाम

कानपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को शहर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बिठूर, सरसैया, परमट, अटल, लक्ष्मण, मैगजीन और बाबा घाट पर सुबह से ही गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह की ठंड के बावजूद घाटों पर उत्साह बना रहा और हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे।

स्नान के बाद सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, किया दीपदान

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। देव दीपावली के अवसर पर घाटों पर दीप जलाए गए। पर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए गए थे, ताकि घाटों पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।

बचपन से परिवार के साथ कर रहे गंगा स्नान

कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के रूमा निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी संतोष कुमार ने बताया कि वह बचपन से ही परिवार के साथ ड्योढ़ी गंगा घाट पर स्नान करने आ रहे हैं। पहले गंगा स्नान के बाद ब्रह्मदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे। इसके बाद सलेमपुर गांव के मेले में शामिल होते थे।

संतोष कुमार ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, ध्यान और इष्ट-मित्रों से मुलाकात का अलग ही आनंद है। इस दिन लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और सुख-दुख साझा करते हैं। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के साथ प्रमुख त्योहारों का सिलसिला समाप्त होता है। इसके बाद नए साल में मकर संक्रांति यानी खिचड़ी पर्व से त्योहारों की शुरुआत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button