कन्नौज में स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर

4 बच्चों की मौत; 25 घायल

कन्नौज/कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे रुकी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस में 50 विद्यार्थियों समेत कुल 60 लोग सवार थे। सभी आगरा में पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रहे थे।

हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में सुबह करीब छह बजे हुआ। कन्नौज के एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। बस मंगलवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। बुधवार सुबह बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए एक्सप्रेसवे पर रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।

टक्कर से बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त, सीटें उखड़ीं

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के अंदर सीटें उखड़ गईं और कई बच्चे उनके बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

चार मृतकों में फतेहपुर का जैद भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वाले चार बच्चों की पहचान कौशांबी के आर्यन चौरसिया (14), रजीउल्ला (16), फतेहपुर के जैद अहमद (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। इनमें आर्यन और अरमान आठवीं, जैद दसवीं और रजीउल्ला 11वीं कक्षा के छात्र थे।

जैद की मौत की खबर से गांव में मचा कोहराम

हादसे में फतेहपुर के हाईस्कूल के छात्र जैद अहमद की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव सरवनपुर नेदौरा में मातम छा गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। जैद के घर के बाहर ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई।

जैद के पिता रियाज अहमद किसान हैं। मां अंजुम बानो और दो छोटे भाई सैम व अदनान का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को इस हादसे से गहरा सदमा पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button