- इसरो चीफ वी. नारायणन बोले- गगनयान मिशन अंतिम चरण में, L&T और HAL मिलकर बना रहे हैं पांच रॉकेट
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख वी. नारायणन ने कहा है कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से तैयार किया जा रहा पहला पीएसएलवी रॉकेट लॉन्च के लिए तैयार हो रहा है। PSLV-N1 को 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गगनयान मिशन में देरी नहीं हुई है। मिशन अंतिम चरण में है और रॉकेट सहित अन्य जरूरी उपकरण तैयार हैं।
नारायणन ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित पांचवीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप और निजी कंपनियों के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च की क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है।
L&T और HAL के कंसोर्टियम को मिला पांच PSLV बनाने का जिम्मा
इसरो प्रमुख ने बताया कि पहले पीएसएलवी रॉकेट का निर्माण इसरो औद्योगिक इकाइयों की मदद से करता था। अब एलएंडटी और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के कंसोर्टियम को पांच पीएसएलवी रॉकेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसमें पहला रॉकेट PSLV-N1 तैयार किया जा रहा है। इसे 2027 की पहली तिमाही यानी मार्च तक लॉन्च करने का लक्ष्य है।
इसरो की व्यावसायिक शाखा न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) ने सितंबर 2022 में इस कंसोर्टियम के साथ अनुबंध किया था। पांच पीएसएलवी रॉकेट बनाने के लिए 860 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट किया गया था।
गगनयान मिशन अंतिम चरण में
वी. नारायणन ने कहा कि गगनयान मिशन में कोई देरी नहीं हुई है। मिशन अपने अंतिम चरण में है और रॉकेट समेत अन्य जरूरी चीजें तैयार हैं। उन्होंने मिशन की तैयारियों को लेकर भरोसा जताया।









