मस्क की स्पेसएक्स और टेस्ला का हो सकता है मर्जर

300 लाख करोड़ रुपये की होगी नई कंपनी

वॉशिंगटन। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की दो बड़ी कंपनियों स्पेसएक्स और टेस्ला के बीच मर्जर की चर्चा तेज हो गई है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों का विलय करीब 3.2 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 300 लाख करोड़ रुपये के मूल्य पर हो सकता है। इस संभावित सौदे को दुनिया के कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा मर्जर बताया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, मर्जर की संभावनाओं पर काम करने के लिए दोनों कंपनियों ने एक विशेष कमेटी बनाई है। इस डील का ऐलान दिसंबर में हो सकता है। हालांकि, अभी तक मर्जर को लेकर अंतिम फैसला या आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

मर्जर के बाद दुनिया की टॉप-5 कंपनियों में होगी जगह
मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर स्पेसएक्स की वैल्यू करीब 1.7 ट्रिलियन डॉलर और टेस्ला की वैल्यू लगभग 1.5 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है। इस हिसाब से स्पेसएक्स दुनिया की सातवीं और टेस्ला नौवीं सबसे मूल्यवान कंपनी है।

अगर दोनों कंपनियों का विलय होता है, तो नई कंपनी की कुल अनुमानित वैल्यू 3.2 ट्रिलियन डॉलर हो सकती है। इसके साथ ही यह दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में शीर्ष पांच के भीतर जगह बना सकती है।

पांच डायरेक्टर और तीन निवेश बैंक संभालेंगे बातचीत
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित मर्जर के लिए पांच डायरेक्टर और तीन निवेश बैंकों को जिम्मेदारी दी गई है। स्पेसएक्स की ओर से रोएलोफ बोथा और रैंडी ग्लेन बातचीत में शामिल होंगे।

वहीं, टेस्ला की ओर से रॉबिन डेनहोम, कैथलीन विल्सन-थॉम्पसन और जैक हार्टुंग को डील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन पांचों डायरेक्टर्स के इलॉन मस्क के साथ पहले से पेशेवर संबंध रहे हैं। हालांकि, कमेटी ने उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र माना है। इनका मुख्य काम संभावित सौदे का मूल्यांकन करना और बातचीत के दौरान अपनी-अपनी कंपनियों के हितों की रक्षा करना होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button