नोएडा में साइबर ठगी के कॉल सेंटर से 164 विदेशी नागरिक मुक्त

पासपोर्ट छीनकर कराई जा रही थी ठगी

नोएडा। नोएडा में नौकरी का लालच देकर भारत बुलाए गए 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। इन सभी से कथित तौर पर जबरन साइबर ठगी कराई जा रही थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक कॉल सेंटर पर छापा मारकर सभी विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया।

मुक्त कराए गए लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं। आरोप है कि इन्हें अच्छी नौकरी और बेहतर वेतन का लालच देकर भारत बुलाया गया था। यहां पहुंचने के बाद इनके पासपोर्ट छीन लिए गए और दबाव बनाकर साइबर ठगी के काम में लगा दिया गया।

कॉल सेंटर से 355 मोबाइल और 175 से ज्यादा कंप्यूटर बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। इनमें 355 मोबाइल फोन, 175 से अधिक डेस्कटॉप और लैपटॉप शामिल हैं। इसके अलावा कई सिम कार्ड भी मिले हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से लगभग 175 पासपोर्ट भी जब्त किए हैं। बरामद सामान के आधार पर कॉल सेंटर में बड़े स्तर पर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित होने की आशंका है।

बिजनेस वीजा पर भारत आए थे विदेशी नागरिक

पुलिस के मुताबिक, सभी विदेशी नागरिक बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। आरोप है कि नौकरी के नाम पर उन्हें यहां लाकर उनके दस्तावेज अपने कब्जे में रख लिए गए। इसके बाद उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

एक मलेशियाई नागरिक गिरफ्तार, दो भारतीय हैंडलर फरार

इस मामले में पुलिस ने एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के संचालन, विदेशी नागरिकों को भारत बुलाने और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button