गुजरात में दो सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत

कच्छ में कार के दो टुकड़े हुए

  • ट्रक-कार की भिड़ंत में सेना के जवानों के परिवारों के 7 लोगों की गई जान
  • दूसरे हादसे में कार पलटने के बाद लगी आग; इन्फ्लुएंसर की बची जान

गुजरात। गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो भीषण सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की जान चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। दूसरे हादसे में जूनागढ़ के केशोद-बालागाम रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई।

कच्छ में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत

कच्छ में हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर हुआ। ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी।

जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

कार के मलबे में फंसे शव, कई घंटे चला बचाव अभियान

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह टूट गई और उसके दो हिस्से हो गए। हादसे के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और उनकी तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार साल की बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई।

केशोद-बालागाम रोड पर कार पलटने के बाद लगी आग

दूसरा हादसा जूनागढ़ जिले के केशोद-बालागाम रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, जूनागढ़ से माधवपुर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे।

इस दुर्घटना में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई। बताया गया है कि कार का शीशा टूटने के बाद वह बाहर जा गिरीं, जिससे वह आग की चपेट में आने से बच गईं।

दो हादसों ने उजाड़े परिवार

गुजरात में कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए इन दोनों हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हुई है। कच्छ की दुर्घटना में एक ही परिवार के कई सदस्यों और छोटे बच्चों की जान चली गई, जबकि दूसरे हादसे में कार में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों की गंभीरता को फिर सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button