अम्बेडकरनगर। जिले में बंदरों के बढ़ते उत्पात और मानव-बंदर संघर्ष की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। अब नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में बंदरों के आतंक वाले इलाकों को चिह्नित किया जाएगा। साथ ही उत्पाती बंदरों और उनके समूहों की सूची तैयार होगी। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में अधिकारियों को यह काम 10 दिन के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
10 दिन में वन विभाग को सौंपनी होगी सूची
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में बंदर प्रभावित क्षेत्रों की पहचान की जाए। इन क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित कर उत्पाती बंदरों और उनके समूहों की अद्यतन सूची तैयार की जाए। यह सूची 10 दिन के भीतर प्रभागीय वनाधिकारी, अम्बेडकरनगर वन प्रभाग के कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।
बंदरों को पकड़ने से लेकर छोड़ने तक तय नियमों का पालन
बैठक में शासन की ओर से जारी बंदरों को पकड़ने, उनके परिवहन और सुरक्षित स्थान पर छोड़ने से संबंधित मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि मानव-बंदर संघर्ष को कम करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। पूरी प्रक्रिया में शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
हर 15 दिन में शासन को भेजनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई की पाक्षिक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। यह रिपोर्ट निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शासन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) को भेजी जाएगी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चिह्नित क्षेत्रों में समस्या के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई हो।









