अम्बेडकरनगर। महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह के बहाने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने रविवार को अकबरपुर में अपनी सामाजिक और राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई। हवाई पट्टी के सामने स्थित लोहिया भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के लोगों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
समारोह की शुरुआत महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद ओमप्रकाश राजभर ने मंच से सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
‘संगठन की मजबूती से बढ़ेगी समाज की भागीदारी’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का जीवन त्याग, परिश्रम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है। उनके विचारों को अपनाकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सरकार की नीतियों का किया उल्लेख
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सुभासपा समाज के सभी वर्गों के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने सरकार की ओर से सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।









