
वाराणसी। शनिवार सुबह वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर कछवा रोड स्थित नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक ने मारुति नेक्सा की फ्रांक्स कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पलटते हुए डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में BSF जवान अमन यादव समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक विनय गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दो बार पलटी और डिवाइडर से जा टकराई। BSF जवान अमन यादव कार से उछलकर डिवाइडर पर जा गिरे और उनका सिर सीधा डिवाइडर से टकराया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके साथ कार में बैठे विनय बेहोश हो गए, जबकि पीछे बैठे मोहम्मद अफजल और अरबाज की भी जान चली गई।
हादसे के बाद हाईवे पर 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार का दरवाजा काटकर शवों को बाहर निकाला। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त और खून से सनी हुई थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान और पृष्ठभूमि
मृतकों की पहचान प्रयागराज के सराय नायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी BSF जवान अमन यादव उर्फ जीतू, मोहम्मद अफजल उर्फ फैजल (24) और अरबाज (27) के रूप में हुई है। अमन यादव की तैनाती दिल्ली में थी और वे कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार को उन्हें वाराणसी के BSF कैंट कार्यालय रिपोर्ट करना था।
रास्ते में मोहल्ले के दो युवकों फैजल और अरबाज से मुलाकात हुई, जो रिश्तेदार से मिलने वाराणसी जा रहे थे। अमन ने उन्हें कार में पीछे बैठा लिया। कछवा रोड के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मौके से ट्रक के कुछ हिस्से और CCTV फुटेज कब्जे में लिए हैं। ट्रक चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है। गंभीर रूप से घायल विनय का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।








