
बागपत। जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेरठ–बागपत–सोनीपत हाईवे पर बालैनी पुल के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर फिसलते हुए हिंडन नदी में गिर गई, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग मेरठ में दबिश देकर वापस लौट रहे थे।
तड़के हुआ हादसा, घंटों बाद लगी जानकारी
हादसा मंगलवार तड़के करीब चार बजे हुआ। कार नदी में गिरने के बाद किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। जब घायल गुड्डू को होश आया तो उसने अपने परिजनों और पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
कार से निकाले गए सभी सवार
सूचना मिलते ही बालैनी और सिंघावली अहीर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हिंडन नदी के किनारे पड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार से सभी घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया।
दो की मौत, तीन गंभीर घायल
नर्सिंग होम में डॉक्टरों ने सिंघावली अहीर थाना में तैनात हेड कॉन्स्टेबल राहुल कुमार (35) निवासी बुलंदशहर और अजरुद्दीन निवासी ग्राम बसौद, अलीगढ़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं कॉन्स्टेबल कौशल शर्मा (30) निवासी अलीगढ़ तथा गुड्डू और तैय्यब की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
मेरठ से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो पुलिसकर्मी और ग्राम बसौद निवासी तीन युवक शामिल थे। सभी मेरठ में दबिश देकर स्विफ्ट कार से लौट रहे थे। बालैनी के पास नए और पुराने पुल के बीच कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे पुल से नीचे गिरकर हिंडन नदी में जा गिरी।








