
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के यहियागंज इलाके में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही दुकान से तेज धुआं और करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान धू-धूकर जलने लगा।
आग की लपटें देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तत्काल चौक फायर स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आसपास की दुकानें खाली कराई गईं
आग के फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस और दमकल कर्मियों ने एहतियातन आसपास की दुकानों को खाली करा लिया। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। आग पर काबू पाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।








