
आरोपी ने सीबीसीआईडी रिटायर्ड महिला दरोगा और डिप्टी जेलर की पत्नी से चेन लूटी थी
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
दो साथी फरार, पुलिस लगातार दबिश दे रही है
कानपुर। रावतपुर में सीबीसीआईडी से रिटायर्ड महिला दरोगा और डिप्टी जेलर की पत्नी से चेन लूटने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली लगाकर उसे दबोच लिया।
घटना गुरुवार तड़के रावतपुर के सिलेंडर चौराहे पर हुई। पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी कि तभी दो बाइक सवार युवक दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बाइक सवार गिर पड़े। इस दौरान एक साथी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा दलहन क्रॉसिंग के पास जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगा।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 4500 रुपए बरामद हुए। पुलिस अभी फरार दो साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।








