
- सुबह 1 घंटे की झमाझम बारिश से लखनऊ की सड़कें तालाब में बदलीं
- ठाकुरगंज में उफनते नाले में युवक बहा, अब तक नहीं मिला
- दुबग्गा मंडी में पानी में बहीं सब्जियां, 20 से ज्यादा कॉलोनियों में जलभराव
लखनऊ। बुधवार सुबह हुई तेज बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। करीब 1 घंटे तक हुई झमाझम बारिश के कारण रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, चारबाग, ठाकुरगंज, महावीरपुरी समेत शहर की 20 से अधिक कॉलोनियों में घुटनों तक पानी भर गया। कई इलाकों में लोगों के घरों के अंदर गंदा नाला और बरसात का पानी घुस गया।
ठाकुरगंज में नाले में बहा युवक, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप
ठाकुरगंज के राधा ग्राम इलाके में एक युवक उफनाते नाले में बह गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला खुला होने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के तीन घंटे बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी। अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।
चारबाग, दुबग्गा और महावीरपुरी में जलभराव
चारबाग रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क पर जलभराव से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुबग्गा मंडी में सब्जियां बारिश के पानी में बहती नजर आईं। महावीरपुरी में नाले का ओवरफ्लो इतना तेज था कि तीन साइकिल बह गईं।
निगम पर लोगों का फूटा गुस्सा
लोगों ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कहा कि जहां मेयर और नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया था, वहीं सबसे ज्यादा जलभराव मिला।
रेड अलर्ट जारी, तेज हवाएं भी चलेंगी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए लखनऊ में रेड अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि बारिश के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी। आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।








