
- पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव
- फवाद खान की फिल्म पर रोक
- MNS और शिवसेना का विरोध
नई दिल्ली। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इस हमले में 27 लोगों की जान गई और जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली। इसके तुरंत बाद भारतीय सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। इस फैसले का असर सीधे तौर पर फिल्म ‘अबीर गुलाल’ पर पड़ा है, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म को अब न सिर्फ भारत में रिलीज होने से रोका गया है, बल्कि पाकिस्तान में भी इसकी रिलीज पर रोक लगा दी गई है। पाकिस्तान के सीनियर डिस्ट्रीब्यूटर सतीश आनंद ने फिल्म के बैन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह फैसला घाटी में हुए हालिया आतंकी हमले के मद्देनज़र लिया गया है और इससे फिल्म निर्माताओं को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पहले से चल रहा था विरोध
हालांकि, ‘अबीर गुलाल’ के खिलाफ विरोध आतंकी हमले से पहले ही शुरू हो गया था। फिल्म का ट्रेलर 1 अप्रैल को रिलीज हुआ था, जिसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। MNS प्रवक्ता अमेय खोपकर ने साफ कहा था कि यह फिल्म किसी भी हालत में महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होने दी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी उन्होंने फिल्म के निर्माताओं को चेताते हुए कहा था कि जो पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में लाने की कोशिश करेंगे, उन्हें मनसे सबक सिखाएगी।
शिवसेना का तीखा बयान
शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने फवाद खान की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए कहा, “भारत में पाकिस्तान को लेकर गुस्सा बहुत गहरा है। यहां के दर्शक पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्मों को पसंद नहीं करते। पाकिस्तानियों को चाहिए कि वे अपने देश के मार्केट पर ध्यान दें।”
फिल्म की डिटेल्स
फिल्म ‘अबीर गुलाल’ 9 मई को रिलीज होने वाली थी। इसमें फवाद खान और भारतीय अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा लीजा हेडन, सोनी राजदान, रिद्धि डोगरा, फरीदा जलाल, और परमीत सेठी जैसे नामी कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म की शूटिंग लंदन में 29 सितंबर को शुरू हुई थी और इसे निर्देशित किया है आरती एस. बागरी ने। निर्माता विवेक अग्रवाल, अवंतिका हरि, और राकेश सिप्पी हैं।








