
- थाना मालीपुर क्षेत्र की छात्रा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
- आरोपी सनी कुमार गिरफ्तार, पूछताछ में जुर्म कबूला
- गुमशुदगी की सूचना के बाद खेत में मिला छात्रा का शव
थाना मालीपुर अंतर्गत ग्राम भीष्मा चितौना में 27 सितम्बर को हुई एक छात्रा की हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। मामले में अभियुक्त सनी कुमार पुत्र लालमन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तकनीकी जांच, वैज्ञानिक साक्ष्य और मोबाइल डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की।
गुमशुदगी की सूचना के बाद खेत में मिला शव
पुलिस के अनुसार, 27 सितम्बर को दोपहर में एक महिला द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री की गुमशुदगी की सूचना थाना मालीपुर में दी गई थी। तहरीर के आधार पर मु.अ.सं. 210/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और छात्रा की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान सूचना मिली कि गांव के बाहर एक खेत में युवती का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौत का कारण स्ट्रेंगुलेशन, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि छात्रा की मृत्यु का कारण गला घोंटना (स्ट्रेंगुलेशन) है। रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद जांच को हत्या की दिशा में आगे बढ़ाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया—थाना मालीपुर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस यूनिट। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच करते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं को जोड़ा गया।








