
अंबेडकरनगर। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी के नेतृत्व में 16 नवम्बर 2025 को हनुमानगंज और भीटी क्षेत्र के कई उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन के स्टॉक और भौतिक स्टॉक में अंतर मिलने के साथ ही कालाबाजारी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तीन उर्वरक विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की गई।
तीन विक्रेताओं पर एफआईआर और लाइसेंस निलंबित
निरीक्षण में मेसर्स शिव खाद भंडार, हनुमानगंज, भीटी और मेसर्स राष्ट्रीय उर्वरक भंडार, सेनपुर, भीटी द्वारा कालाबाजारी व अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों विक्रेताओं के विरुद्ध संयुक्त रूप से एफआईआर दर्ज कराई गई।
इसी प्रकार मेसर्स वर्मा ट्रेडर्स, हनुमानगंज, भीटी के खिलाफ भी अनियमितता की पुष्टि होने पर थाना अहिरौली में एफआईआर दर्ज कराई गई।
तीनों उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उर्वरक वितरण में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले में उर्वरकों की उपलब्धता—लक्ष्य से अधिक आपूर्ति
कृषि विभाग के अनुसार नवंबर माह तक जनपद में विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता लक्ष्य से अधिक रही है।
उपलब्धता का ब्यौरा इस प्रकार है—
यूरिया: लक्ष्य 9385 मी.टन के विरुद्ध 19289 मी.टन
डीएपी: लक्ष्य 8775 मी.टन के विरुद्ध 9259 मी.टन
एनपीके: लक्ष्य 2735 मी.टन के विरुद्ध 6881 मी.टन
एसएसपी: लक्ष्य 5409 मी.टन के विरुद्ध 12761 मी.टन
एमओपी: लक्ष्य 320 मी.टन के विरुद्ध 377 मी.टन








