
- 18 एयरपोर्ट्स अस्थायी रूप से बंद, फ्लाइट ऑपरेशन्स पर गंभीर असर
- 200 से अधिक उड़ानें रद्द, इंडिगो ने 165 फ्लाइट्स कैंसिल की
- इंडिगो और एयरलाइंस ने यात्रियों को रिफंड और री-शेड्यूल का विकल्प दिया
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 6-7 मई की रात पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इस जवाबी कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कहा गया, जिसके तहत भारतीय सेना ने 24 मिसाइलों से पाकिस्तान में स्थित आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है, और दोनों देशों के बीच स्थिति बेहद नाजुक हो गई है।
एयरपोर्ट्स और उड़ानों पर पड़ा गंभीर असर
इस सैन्य कार्रवाई के बाद भारत के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से के कम से कम 18 एयरपोर्ट्स को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें श्रीनगर, जम्मू, लेह, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर जैसे प्रमुख एयरपोर्ट्स शामिल हैं। इन एयरपोर्ट्स की बंदी के चलते फ्लाइट ऑपरेशन्स पर गंभीर असर पड़ा है।
200 से अधिक उड़ानें रद्द
ऑपरेशन सिंदूर के बाद 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। प्रमुख एयरलाइंस में इंडिगो ने 165 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से 35 से अधिक फ्लाइट्स रद्द की गई हैं, जिनमें डिपार्चर, अराइवल और इंटरनेशनल उड़ानें शामिल हैं।
इंडिगो और एयरलाइंस का बयान
इंडिगो एयरलाइन ने इस स्थिति को लेकर एक बयान जारी किया और बताया कि उन्होंने श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला और बीकानेर जैसे शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें।








