आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया

45 दिन तक रचती रही झूठ की कहानी

आगरा। आगरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से फर्श बनवा दी। हैरानी की बात यह है कि वह करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और परिवार के साथ-साथ पुलिस को भी गुमराह करती रही। आखिरकार जेठ को महिला के व्यवहार पर शक हुआ, जिसके बाद पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को कमरे से घसीटकर बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदा और वहीं दफना दिया।

वारदात के बाद महिला ने अपने दोनों बच्चों और सास को घर से दूर भेज दिया और जेठ को बताया कि उसका पति 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चला गया है। कुछ दिन बाद वह खुद भी राजस्थान चली गई। करीब आठ दिन बाद लौटने पर उसने मजदूर बुलाकर बाथरूम में नई फर्श बनवा दी, ताकि किसी को शक न हो।

मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में पत्नी, बच्चों और मां के साथ रहते थे। उनके बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र और उनकी पत्नी रूबी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सुरेंद्र के लापता होने पर परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन रूबी पुलिस के साथ पति की तलाश करने और रोने का नाटक करती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button