अम्बेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय पर धरना दिया। नगर अध्यक्ष बादशाह खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बढ़े हाउस टैक्स, जलभराव, नालियों की सफाई, जर्जर सड़कों और खराब स्ट्रीट लाइट समेत कई मुद्दे उठाए। धरने के बाद नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
तीन गुना हाउस टैक्स वृद्धि का विरोध
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में हाउस टैक्स में करीब तीन गुना बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने इसे जनहित के खिलाफ बताते हुए वृद्धि समाप्त करने की मांग की। उनका कहना था कि बढ़े टैक्स का बोझ सीधे नगरवासियों पर पड़ रहा है।
नालियां और नाले साफ कराने की मांग
कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र की नालियों और नालों में जमा मलबे की तत्काल सफाई कराने की मांग की। उनका कहना था कि जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित होने से बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा होती है।
25 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और सड़कों का मुद्दा
ज्ञापन में नगर पालिका के सभी 25 वार्डों की खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। इसके अलावा टूटी नालियों और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया।
तमसा पुलों पर बैरिकेडिंग की मांग
सपा कार्यकर्ताओं ने तमसा नदी पर बने पुलों के दोनों ओर छह-छह फीट ऊंची बैरिकेडिंग और जाली लगाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के साथ नदी में कूड़ा फेंकने पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।









