
- मौके से देसी तमंचा .315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद
- पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कार्रवाई की पुष्टि और अपराधियों को चेताया
- गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने का संदेश गया
अम्बेडकरनगर, अकबरपुर। गोवध के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद रज्जाक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश में गुरुवार देर रात हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी, आरोपी घायल
अकबरपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवध के आरोपी मोहम्मद रज्जाक लोरपुर ताजन चौराहे की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तक्षशिला एकेडमी के पास पहुंची। संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी रेलवे ट्रैक की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बरामद किया असलहा और कारतूस
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक देसी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी मीरानपुर भेजा गया है। पुलिस अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।
गोवध के गंभीर आरोप में था फरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद रज्जाक पर गोवध से संबंधित गंभीर आरोप हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने का संदेश गया है।








