अंबेडकरनगर। समाजवादी पार्टी ने अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को हुई विधानसभा की मासिक बैठक में कांशीराम और मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथियों पर कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया गया। नौ अक्तूबर को कांशीराम और 10 अक्तूबर को मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि सौहार्द के साथ मनाई जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष प्रवीण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम अचल राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर भी पार्टी का पक्ष रखा।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkarnagar-duda-office-building/
संविधान और लोकतंत्र को बनाया सियासी मुद्दा
राम अचल राजभर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और गरीबों के मकानों से जुड़े मामलों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार का विरोध करते हुए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।









