- संपूर्ण समाधान दिवस में हंगामा
- एसडीएम और बीडीओ पर लगाए आरोप
लखनऊ। राजधानी के सरोजनीनगर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाओं ने शौचालय निर्माण की लंबित राशि जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में स्वयं सहायता समूह सीएलएफ सरोजनीनगर की 20 से अधिक महिलाएं शामिल थीं। उनके साथ भाजपा जिला मंत्री संजीव कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
महिला शक्ति समाधान समिति सीएलएफ स्वयं सहायता समूह की उपाध्यक्ष अंजनी गौतम ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से विभिन्न सरकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनका आरोप है कि सरोजनीनगर के उपजिलाधिकारी और विकास खंड अधिकारी की उदासीनता के कारण गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।









