अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन के अवसर पर नगर पालिका परिषद अकबरपुर, आईटीसी मिशन सुनहरा कल और उमंग सुनहरा कल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में डोएन इंटरनेशनल स्कूल, तमसा मार्ग में ‘बंधन स्वच्छता का’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वच्छता मित्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद अकबरपुर के अधिशासी अधिकारी राजमणि की मौजूदगी में हुआ। विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने खुद तैयार की गई जीरो वेस्ट राखियां बांधीं।
जीरो वेस्ट राखियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विद्यार्थियों ने पुनर्चक्रित और पर्यावरण अनुकूल सामग्री से राखियां तैयार की थीं। सबसे पहले अधिशासी अधिकारी की कलाई पर राखी बांधी गई। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वच्छता मित्रों को रक्षा सूत्र बांधा गया।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को रक्षाबंधन के संदेश से जोड़ा। कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों के कार्यों के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया गया।
उत्कृष्ट राखियां बनाने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान
अधिशासी अधिकारी राजमणि ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्रों और जनसेवा में लगे कर्मियों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। जीरो वेस्ट राखियों को पॉलीथिन और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण की दिशा में संदेश देने वाला प्रयास बताया।
पर्यावरण जागरूकता और जीरो वेस्ट पहल के तहत उत्कृष्ट राखियां तैयार करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।









