दहेज विवाद में विवाहिता से मारपीट, पांच लोगों पर केस दर्ज

घर से निकालने और जान से मारने की धमकी का आरोप

महरुआ (अंबेडकरनगर)। दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने पति और ससुरालीजन पर दहेज न देने और विरोध करने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता विशाखा सिंह, निवासी जामूकला, की शादी तीन वर्ष पूर्व लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के मांझी रघुनाथपुर निवासी सत्यार्थ सिंह उर्फ आयुष के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में परिजनों ने करीब 15 लाख रुपये नकद, आभूषण और अन्य सामान दिए थे।

पराई महिला से संबंध के विरोध पर बढ़ा विवाद

पीड़िता के अनुसार, करीब पांच माह पहले पति एक पराई महिला के संपर्क में आ गया। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने सोने का कंगन बेच दिया और विरोध करने पर मारपीट कर दी।

इसके बाद आभूषण और लगभग डेढ़ लाख रुपये छीन लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि उसे घर में बंद कर प्रताड़ित भी किया गया।

घर से निकाला और दी धमकी

पीड़िता के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। मायके पक्ष के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए समझौता हुआ, लेकिन स्थिति नहीं बदली। आरोप है कि बाद में फिर से उत्पीड़न शुरू हुआ।

विरोध करने पर पति ने धमकी दी कि ज्यादा बोलने पर जान से मरवाकर फेंकवा दिया जाएगा।

पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

थानाध्यक्ष दौमित्र सेन रावत ने बताया कि मामले में पति सत्यार्थ सिंह, सास शोभा सिंह, ससुर अमित सिंह, देवर शौर्य उर्फ सिद्धनाथ सिंह और दादी सरोज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button