लंपी से बचाव को अंबेडकरनगर में टीकाकरण अभियान तेज

शनिवार को 1,750 गोवंशीय पशुओं को लगा टीका, अब तक 7,560 पशुओं का हो चुका टीकाकरण

अंबेडकरनगर। गोवंशीय पशुओं को लंपी और एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए जिले में वृहद टीकाकरण अभियान चल रहा है। सभी विकासखंडों में पशु चिकित्सा अधिकारियों की निगरानी में पशुधन प्रसार अधिकारियों और पैरावेट की टीम पशुओं का टीकाकरण कर रही है।

अभियान के तहत शनिवार को जिले में 1,750 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया गया। अब तक कुल 7,560 पशुओं को टीका लगाया जा चुका है। जिले की सभी गोशालाओं में भी लंपी से बचाव के लिए टीकाकरण पूरा किया जा चुका है।

सहिजना और विश्वनाथपुर में टीकाकरण का निरीक्षण
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने विकासखंड रामनगर के सहिजना और जहांगीरगंज के विश्वनाथपुर में टीकाकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान की प्रगति देखी और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान पशुपालकों को लंपी रोग के लक्षण, बचाव और रोकथाम की जानकारी दी गई। पशुओं का समय से टीकाकरण कराने के लिए भी जागरूक किया गया।

एक माह चलेगा अभियान
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के अनुसार टीकाकरण अभियान एक माह तक लगातार चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी गोवंशीय पशु को टीकाकरण से वंचित न रहने देना है।

यदि किसी कारण से किसी पशुपालक के पशुओं का टीकाकरण नहीं हो पाता है तो वह नजदीकी पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर टीकाकरण करा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button