तालाब की खुदाई में जुटीं 44 महिलाएं

डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया काम का जायजा

अंबेडकरनगर। तालाब की सफाई और खुदाई के काम में महिलाओं की भागीदारी देखने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अकबरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत घुरहुपुर का निरीक्षण किया। यहां बन्हवा तालाब में झाड़ियों की सफाई और खुदाई का काम वीबी-जी राम जी योजना के तहत कराया जा रहा है। डीएम ने कार्यस्थल पर पहुंचकर काम की स्थिति देखी और महिला श्रमिकों से सीधे संवाद किया।

51 श्रमिक मिले, मास्टर रोल भी देखा

निरीक्षण के दौरान मौके पर 51 श्रमिक काम करते मिले। इनमें 44 महिलाएं और सात पुरुष शामिल थे। जिलाधिकारी ने मास्टर रोल का अवलोकन किया। इसके बाद श्रमिकों से दर्ज विवरण के अनुरूप चल रहे काम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्यों की स्थिति का जायजा भी लिया।

महिला श्रमिकों के काम की सराहना

जिलाधिकारी ने महिला श्रमिकों के परिश्रम और योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने काम में महिलाओं की भागीदारी को महिला सशक्तीकरण का उदाहरण बताया।

नवरात्र पर फल और मिष्ठान बांटे

निरीक्षण के दौरान नवरात्र पर्व और मिशन शक्ति के तहत महिला श्रमिकों को फल और मिष्ठान वितरित किए गए। डीएम ने उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीसी वीबी-जी राम जी, ग्राम प्रशासक और अन्य श्रमिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button