अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के मकोईया गांव निवासी 38 वर्षीय मनीराम की सड़क हादसे में मौत हो गई। 8 सितंबर को बाइक से सिंहपुर चौराहे की ओर जाते समय कटोखर-बसखारी मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ गई। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें बसखारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सद्दरपुर रेफर कर दिया। तीन दिन तक उपचार चलने के बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के समय मनीराम के हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
पत्नी और तीन बेटियां पीछे छूटीं
मनीराम की मौत से परिवार में मातम है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।









