रामलीला से लौट रहे युवक को पीटा, सिर में गंभीर चोट

मित्तूपुर-जलालपुर मार्ग पर मारपीट का आरोप, दो हजार रुपये और मोबाइल छीनने की शिकायत; पुलिस जांच में जुटी

अंबेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में रामलीला देखकर घर लौट रहे युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित अर्पित ने कुछ लोगों पर बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला कर सिर में गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। उसने दो हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनने की शिकायत भी की है।

अर्पित के प्रार्थना पत्र के अनुसार, वह 13 अक्टूबर को जलालपुर में रामलीला देखने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौटते समय मित्तूपुर-जलालपुर मार्ग के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई।

एक आरोपी को पहचानने का दावा

पीड़ित का कहना है कि वह मारपीट में शामिल एक व्यक्ति को पहचानता है, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोगों की पहचान नहीं कर सका। उसने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई और जेब में रखे करीब दो हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिए गए। शिकायत में उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रुपये और मोबाइल छीनने की पुष्टि नहीं

जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि रुपये और मोबाइल छीनने के आरोप की अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित ने यह भी बताया है कि विवाद किसी अन्य व्यक्ति से था और गलतफहमी में उसके साथ मारपीट हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button