अंबेडकरनगर। अकबरपुर के कटरिया बाग में गुरुवार को आयोजित जन अधिकार महारैली में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अंबेडकरनगर ही नहीं, पूरे पूर्वांचल में सपा का खाता नहीं खुलने देंगे। उन्होंने भागीदारी पार्टी के साथ आने से पूर्वांचल में एनडीए गठबंधन की ताकत बढ़ने का दावा किया।
राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी डूबती नैया में सवार है। उन्होंने दावा किया कि अंबेडकरनगर में प्रजापति समाज के करीब दो लाख वोट हैं और यह समाज अब भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति के साथ जुड़ रहा है। उनके मुताबिक इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।
रत्नप्पा कुम्हार को सर्व समाज का महापुरुष बताया
डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती के अवसर पर आयोजित रैली में राजभर ने कहा कि उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ संविधान निर्माण में काम किया था। उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार को किसी एक जाति तक सीमित न मानकर सर्व समाज का महापुरुष बताया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा बाबा साहब के साथ स्थापित की जानी चाहिए।
सपा, बसपा और कांग्रेस के सामने ताकत बढ़ाने का दावा
भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापति ने कहा कि वंचित, शोषित, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और सर्व समाज को सामाजिक न्याय व समान भागीदारी दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही। साथ ही अंबेडकरनगर में सपा, बसपा और कांग्रेस के सामने पार्टी को मजबूत ताकत के रूप में खड़ा करने का दावा किया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-nakshatra-lab/
प्रेमचंद्र प्रजापति ने दावा किया कि प्रजापति समाज का 90 प्रतिशत वोट भागीदारी पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्वांचल के साथ बुंदेलखंड, पश्चिमांचल और मध्यांचल में भी संगठन विस्तार कर रही है।









